24 वर्षों से आस्था का प्रतीक बना रोट्रैक्ट गरबा महोत्सव, पांच दिवसीय आयोजन का भव्य शुभारंभ..

मुंगेली// नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में आस्था और उल्लास का संगम देखने को मिल रहा है। रोट्रैक्ट क्लब द्वारा विगत 24 वर्षों से आयोजित किया जा रहा गरबा महोत्सव इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया।नगर के हृदय स्थल नगर पालिका स्कूल प्रांगण में पांच दिवसीय रोट्रैक्ट गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। शुभारंभ मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। पूजा के बाद भक्ति भरे गीतों पर महिलाओं और बालिकाओं ने गरबा नृत्य किया।
पूरा पंडाल मां की आराधना और जयकारों से गूंज उठा।क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ महिलाओं में एकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। सुरक्षा को देखते हुए प्रवेश के लिए पास की व्यवस्था की गई है।इस वर्ष आयोजन में आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रतिदिन सर्वोत्तम गरबा परिधान और सर्वोत्तम गरबा नृत्य के लिए पांच-पांच महिलाओं एवं बालिकाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए रोट्रैक्ट क्लब के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

